कमाई के मामले में हापुड़ डिपो प्रदेश में आया अव्वल
हापुड़। कोरोना महामारी में जहां राजस्व वसूली को लेकर सरकारी विभाग पिछड़ रहे हैं। ऐसे में हापुड़ डिपो शासन द्वारा की गई एक वर्ष की समीक्षा में राजस्व कमाई के मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर आया है। 54.82 करोड़ का राजस्व प्राप्त कर डिपो को यह उपलब्धि मिली है। परिवहन मंत्री द्वारा स्थानीय अधिकारियों को बधाई दी गई है।
हापुड़ डिपो राजस्व कमाई के मामले में मंडल, रीजन पर पहले से ही टॉप पर रहा है। इस बार कोरोना महामारी में कई महीने बसों का संचालन बंद रहा। वित्तीय वर्ष 2020-21 की समीक्षा शासन स्तर पर की गई।
इसमें हापुड़ डिपो ने पूरे साल में 1.51 करोड़ किलोमीटर बसों का संचालन करते हुए करीब 54.82 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया। इसमें शुद्ध लाभ 8.70 करोड़ रुपये का हुआ। प्रदेश के किसी डिपो ने इतना राजस्व नहीं कमाया है। शासन की समीक्षा में हापुड़ डिपो को प्रथम स्थान से नवाजा गया है। इस उपलब्धि से अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। परिवहन मंत्री द्वारा भी अधिकारियों को बधाई दी गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि भविष्य में भी बसों का संचालन इसी तरह से किया जाएगा।