फर्म के मैनेजर ने लगाया 32 लाख का चूना
हापुड़। कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव दौताई निवासी व्यक्ति ने अपनी फर्म में मैनेजर पर धोखाधड़ी करते हुए दो बैंक खातों से 31.55 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। रुपये मांगने पर आरोपी ने उसे हत्या की धमकी दी। थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने बुधवार को एसपी से शिकायत की है।
गांव दौताई निवासी महराज अली निवासी ने बताया कि उसकी एम ए कांट्रेक्टर नाम से उसकी फर्म है। गांव निवासी व्यक्ति आलम फर्म के मैनेजर पद पर कार्यरत है। पीड़ित ने फर्म की पूरी जिम्मेदारी मैनेजर को दे रखी थी। फर्म के दो बैंक एकाउंट से होने वाली लेनदेन के मैसेज भी मैनेजर के मोबाइल फोन पर ही आते थे। आरोपी ने धोखाधड़ी करते हुए फर्म के बैंक खातों से एक अप्रैल तक 31.55 लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी जब उन्हें हुई तो उन्होंने आरोपी से इस संबंध में जानकारी की। पहले तो आरोपी मामले से मुकर गया, लेकिन बाद में उसने हत्या की धमकी दे डाली। पीड़ित ने मामले की शिकायत गढ़ पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद बुधवार को पीड़ित ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि संबंधित थाने की पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।