घर से कॉलेज के लिए निकली छात्रा का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक छात्रा का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान बुलंदशहर जिले में स्याना तहसील के गांव के रूप में हुई है, जो कॉलेज में फीस जमा करने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्याना तहसील के एक गांव निवासी छात्रा स्थानीय बीएड कॉलेज की छात्रा है। शनिवार को वह घर से कॉलेज में फीस जमा करने की बात कहकर निकली थी। लेकिन उसका शव शनिवार को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला इलाके में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो चुका था। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान काशी विश्वनाथ ट्रेन करीब आधा घंटा तक ट्रैक पर खड़ी रही। सूचना पर जीआरपी पुलिस, बाबूगढ़ थाना प्रभारी सोमवीर सिंह, चौकी प्रभारी सुमित कुमार मौके पर पहुंच गए और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बड़ा सवाल यह है कि जिस कॉलेज में छात्रा पढ़ती थी वह बुलंदशहर जिले में ही पड़ता है। लेकिन वहां से काफी दूर चलकर वह कुचेसर रोड चौपला तक कैसे पहुंची, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी सोमवीर सिंह का कहना है कि शनिवार को कुचेसर चौपला के फाटक संख्या 62सी के पास यह घटना हुई है। नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर युवती की मौत हुई है। गढ़ के जीआरपी प्रभारी बाबूराम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।