बुजुर्ग नहीं होंगे होम आइसोलेट, अस्पतालों में रिजर्व हुए वार्ड
हापुड़। कोरोना की दूसरी लहर से देश जूझ रहा है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने फिर से कमर कस ली है। बीमार और बुजुर्ग लोगों के लिए होम आइसोलेशन की सुविधा बंद कर दी है, साथ ही मेडिकल कॉलेजों को पत्र लिखकर तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर फिर से इन अस्पतालों में कोविड वार्ड रिजर्व हो जाएंगे। जिला अस्पताल का एक तल को कोविड मरीजों के लिए ही आरक्षित किया जाएगा।
कोरोना की दूसरी लहर से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ी हुई है। क्योंकि यह पहले प्रारूप से कहीं अधिक घातक है। हालांकि जिले में अभी तक नए स्ट्रेन का फिलहाल कोई मरीज नहीं मिला है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन अलर्ट घोषित कर दिया है।
ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए कोरोना संक्रमित होने पर होम आइसोलेशन की सुविधा बंद कर दी है। इस तरह के मरीजों को अस्पतालों में ही उपचार मिलेगा। इसके साथ ही लक्षण वाले मरीजों को भी अस्पताल जाना पड़ेगा।
बता दें कि अभी तक पिलखुवा के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में ही कोविड वार्ड चालू किया गया है। यहां करीब 17 मरीज भर्ती हैं। संक्रमण की लहर को देखते हुए विभागीय अफसरों ने मेडिकल कॉलेजों को पत्र जारी कर, तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें तत्काल बेहतर उपचार मिल सके। इतना ही नहीं दस्तोई रोड पर बन रहे जिला अस्पताल का एक तल भी कोविड मरीजों के लिए ही रिजर्व रहेगा। ताकि मरीजों को अच्छा उपचार मिल सके।
इन बातों का रखें ध्यान
बाहर निकलते समय मुंह पर मास्क हर हाल में लगाएं।
हाथों का किसी धातु आदि से स्पर्श न होने दें, हाथ धोते रहें।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, ताकि संक्रमण न फैले।
खांसी, बुखार, जुकाम होने पर जांच अवश्य कराएं।
ज्यादा से ज्यादा कराएं टीकाकरण
कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण ही एक मात्र उपाय है। इसलिए टीका लगवाएं, ताकि आने वाले समय में कोरोना को मात दी जा सके। बुजुर्ग और बीमार लोग अवश्य ही टीका लगवाए लें। सरकार की तरफ से टीकाकरण चल रहा है, निजी अस्पतालों में भी सुविधा दी जा रही है। इसलिए टीका लगवाने से परहेज न करें।
अधिकारी कहिन-
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए गाइडलाइन का पालन करें, ताकि फिर से जिला संक्रमण से न जूझे। कोरोना को लेकर विभाग की तैयारियां पूरी हैं।