सड़क दुर्घटना में दंपती समेत चार युवक घायल
पिलखुवा। सड़क दुर्घटनाओं में एक दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया हैं।
बुलंदशहर के गुलावठी निवासी नईमुद्दीन अपनी पत्नी नगीना को बाइक पर लेकर पिलखुवा आ रहा था। पिलखुवा-धौलाना मार्ग पर रास्ते में खेड़ा बिजली घर के पास उनकी बाइक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। जिससे दंपती घायल हो गया। इसके अलावा दूसरी घटना एलिवेटिड के नीचे बस अड्डा के पास हुई। सिम्भावली निवासी राजू अपने साथी सोनू के साथ बाइक द्वारा गाजियाबाद के कस्बा मसूरी जा रहा था। हाईवे पर छिजारसी टोल प्लाजा के पास बाइक को टेंपो ने टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार नीचे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक टेंपो को लेकर फरार हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में थाना पर किसी के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।