ई-डिस्ट्रिक्ट समीक्षा में हापुड़ फिर रहा अव्वल
हापुड़। प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण योजना ई-डिस्ट्रिक्ट की मार्च माह की समीक्षा में हापुड़ को एक बार फिर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पिछले माह भी हापुड़ को पहला स्थान मिला था।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बधाई दी है।
पिछले कई माह से हापुड़ प्रदेश में ई-डिस्ट्रिक्ट पर प्राप्त होने वाले ऑनलाइन प्रमाण पत्रों व आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण करने की समीक्षा में पहला स्थान प्राप्त कर रहा है। इनको लेकर समय समय पर जिला स्तर पर समीक्षा की जाती है। ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम को लेकर प्रदेश स्तर पर हुई समीक्षा में समय से ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी करने, लोगों की शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने आदि पर हापुड़ को पहला स्थान मिला है। हापुड़ को पहला स्थान मिलने पर डीएम अनुज सिंह ने अधिकारियों को इसका श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का अधिकारी समय से निस्तारण करें। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अप्रैल माह में भी आईजीआरएस और ई-डिस्ट्रिक्ट पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं का समय से निस्तारण करें।