किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर मनाया शहीदी दिवस
हापुड़। गाजीपुर बॉर्डर पर मंगलवार को जिले के किसानों ने पहुंचकर शहीदी दिवस मनाया। किसानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा इस कृषि कानूनों के विरोध में आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। इससे पहले ततारपुर बाईपास पर भी किसानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
गाजीपुर बॉर्डर जाने के दौरान किसानों ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियां आज प्रत्येक वर्ग पर भारी पड़ रही हैं। तीनों कृषि कानूनों का जब किसानों को कोई लाभ ही नहीं है तो इसे भला क्यों थोपा जा रहा है। बीते करीब चार महीने से किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार समस्याओं नहीं सुलझा रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक किसान वापस नहीं जाएंगे, अंतिम सांस तक आंदोलन को जारी रखा जाएगा। इस दौरान किसानों ने शहीद ए आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर यशवीर सिंह, भगतराम, अमित, हरेंद्र सिंह, गुड्डू जरौठी, महेंद्र शर्मा, हरवीर, अमरेंद्र, कमल सिंह, सुनील, देवेंद्र, सुंदर, बब्लू, विरेंद्र सिंह, कुशलपाल आर्य, टेनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।