टीबी का मरीज तलाशने पर दस्तक टीम को मिलेगा इनाम
हापुड़। टीबी के रोगियों की खोज के लिए जिले में 10 मार्च से 24 मार्च तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें टीम घर-घर जाकर संदिग्ध लोगों के सैंपल लेकर जांच को लैब भेजेगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज का उपचार दिया जाएगा। दस्तक टीम को हर मरीज की खोज पर 500 रुपये शासन से मिलेगा।
सरकार की मंशा देश को टीबी मुक्त घोषित कराना है। इसके लिए दस्तक अभियान में टीबी रोगियों की तलाश शामिल की गई है। इसकी जिम्मेदारी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी गई है। अभियान में लगी टीम को बुखार व क्षय रोगियों के साथ जन्म मृत्यु पंजीकरण से वंचित लोगों, कुपोषित बच्चों और दिमागी बुखार से दिव्यांग हुए लोगों की सूची तैयार करनी होगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दस्तक अभियान में टीबी रोगियों की खोज को शामिल कराए जाने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा रोगियों का पता लगाना है। जिला क्षय रोग अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दस्तक अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा घर घर जाकर लोगों से खांसी आदि के संबंध में जानकारी करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान में जितने भी क्षय रोगी खोजे जाएंगे। उनकी निशुल्क जांच के साथ इलाज तत्काल शुरू किया जाएगा। बताया कि साथ ही जब तक उनका इलाज चलेगा तब तक उनके खाते में हर माह पांच सौ रुपये भी भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टीबी मरीज मिलने पर हर मरीज के हिसाब से संबंधित दस्तक टीम को शासन की ओर से 500 रुपये प्रदान किए जाएंगे।