आवास-विकास कॉलोनी में क्रेन से कुचलकर वृद्ध की हुई मौत
हापुड़। कोतवाली थाना क्षेत्र के मेरठ रोड आवास-विकास कॉलोनी में एक तेज रफ्तार हाईड्रा क्रेन ने 70 साल के बुजुर्ग को कुचल दिया। इसमें बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जोरदार हंगामा किया। इसी बीच कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम द्वारा राहत के आश्वासन पर परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्रेन चालक भागने में कामयाब रहा।
मोहल्ला आवास-विकास कॉलोनी निवासी बाबूराम (70) सोमवार शाम घर से घूमने के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो एक हाईड्रा क्रेन तेज गति से हापुड़ रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित क्रेन ने बुजुर्ग बाबूराम को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक क्रेन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन शव को सड़क में लेकर धरने पर बैठ गए।
इस दौरान पुलिस व लोगों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। जानकारी मिलते ही सीओ तेजवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी सुबोध सक्सेना, देहात थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर, बाबूगढ़ प्रभारी सोमवीर सिंह समेत कई चौकियों के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजन कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग पर अड़ गए। इसी बीच एसडीएम सत्यप्रकाश और तहसीलदार गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ व मुख्यमंत्री राहत कोष से जो भी संभव होगा वह लाभ दिलाया जाएगा।
-----
मोहल्ले में भारी वाहनों के संचालन से रोष
आवास-विकास कॉलोनी में लोगों का कहना था कि यहां भारी वाहनों का संचालन धड़ल्ले से होता है। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है, आए दिन इनसे हादसे होते हैं।
----
भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार से दौड़ रही थी क्रेन
आवास-विकास कॉलोनी में जिस स्थान पर हादसा हुआ वह अति व्यस्त इलाका है। दुकानदारों का कहना था कि बेहद तेज गति से क्रेन को चलाया जा रहा था। जिसके चलते बुजुर्ग इसकी चपेट में आया।
थाना कोतवाली प्रभारी सुबोध सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हाईड्रा क्रेन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।