हाईवे-9 के ऊपर से गुजरेगा फ्रेट कॉरिडोर, 26 दिन बाधित रहेगा यातायात
हापुड़। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का कार्य जिले में अंतिम चरण में है। 14 मार्च से पिलखुवा में निजामपुर के पास एलिवेटिड रोड पर पुल बनाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान हाईवे की एक साइड का यातायात बंद रहेगा और दूसरी तरफ धीमी गति से वाहनों को निकाला जाएगा। कॉरिडोर के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को पत्र सौंपते हुए सहायता मांगी है। अधिकारियों का दावा है कि जिले में फ्रेट कॉरिडोर का काम जून 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा। जबकि ट्रायल अगले वर्ष मार्च में होगा। जिले में कुल 44 अंडरपास भी लगभग बनकर तैयार हो गए हैं।
माल परिवहन की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में शुमार डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर हापुड़ जिले की सीमा से होकर गुजर रहा है। इसके निर्माण की अनुमानित लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है। इसमें निर्माण के लिए 8870 करोड़, जमीन अधिग्रहण के लिए 4 हजार करोड़ और विद्युतीकरण के लिए 2500 करोड़ रुपये लागत की व्यवस्था की गई है। खुर्जा से सहारनपुर के बीच 222 किलोमीटर क्षेत्र में बन रहे सिंगल ट्रैक का अधिकतर कार्य पूरा कर दिया गया है। इस क्षेत्र में 20 पासिंग स्टेशन बनेंगे। इनमें एक न्यू हापुड़ के रघुनाथपुर और न्यू पिलखुवा के नंगोला अमीपुर में स्थापित होंगे। इन स्टेशनों पर माल गाड़ियों के पास होने की सुविधा होगी। ट्रैक को आधुनिक क्षमताओं से लैस बनाया जा रहा है। जिले में इसके लिए 44 अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा दो बड़े पुल बनाए जा रहे हैं। जिनमें हरसिंहपुर नहर पुलिस से एनएच 334 और एलिवेटिड रोड पिलखुवा का पुल शामिल है।
शनिवार को फ्रेट क ॉरिडोर के अधिकारियों ने डीएम को पत्र भेजा है। अधिकारियों ने बताया कि पिलखुवा में एलिवेटिड रोड पर 14 मार्च से पुल बनाने का कार्य होगा। 14 मार्च से 29 मार्च तक लेफ्ट साइड और छह अप्रैल से 17 अप्रैल तक राइट साइड को बंद रखा जाएगा। कुल मिलाकर 26 दिन एलिवेटिड रोड की एक साइड बंद रहेगी और दूसरी साइड से भी धीमी गति से वाहन गुजारें जाएंगे। जिसके कारण यातायात बाधित रहेगा। अधिकारियों ने डीएम को पत्र लिखकर इस संबंध में संबंधित विभागों को निर्देशित कर व्यवस्था बनाने की मांग की है। ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस योजना के तहत जिले में सबसे बड़ा कार्य ब्रजनाथपुर नहर पुल और एलिवेटिड रोड पर निजामपुर के पास एनएच-09 पर पुल बनाने का कार्य है। इस पुल के निर्माण के लिए सबसे तेज कार्य होगा, ताकि वाहन चालकों को कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े। अधिकारियों ने पुल के निर्माण की सारी रूप रेखा तैयार कर ली है। यह पुल सड़क से आठ मीटर ऊंचा होगा, ताकि वाहन आसानी से गुजर सकें। इस पुल के बाद ब्रजनाथपुर नहर पुल का निर्माण शुरू होगा। जिसके बाद इस ट्रैक का अधिकतर कार्य हो जाएगा।
कार्यदायी संस्था के निर्माण प्रबंधक गुरविंदर सिंह ने बताया कि एनएच-09 पर पुल के निर्माण के बाद नहर पर दूसरे पुल का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। कुल मिलाकर जून 2021 तक जिले में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि क्षेत्र में ट्रायल के लिए अभी समय लगेगा। फिलहाल मार्च 2022 में ट्रायल होना प्रस्तावित है।