अधिवक्ताओं पर हमलों के विरोध में कचहरी में रही हड़ताल
हापुड़। अधिवक्ताओं के साथ आए दिन हो रहीं आपराधिक घटनाओं से नाराज अधिवक्ता बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं ने चैंबरों पर सांकेतिक तालाबंदी कर विरोध भी जताया। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रदेशभर में अधिवक्ताओं के साथ आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। वर्तमान में अधिवक्ता भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। इस मामले में पुलिस-प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मेरठ बार के सम्मानित अधिवक्ता ओमकार सिंह के मामले में पुलिस-प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। हापुड़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता इसकी निंदा करते हैं।
अधिवक्ताओं ने मेरठ और अन्य जनपदों में भी अधिवक्ताओं के साथ घटी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं अधिवक्ताओं ने डीएम से सभी न्यायालयों को एक स्थान पर लाने की मांग की। जनपद में नवीन न्यायालय के लिए भूमि का चयन करने व आवंटन की मांग की। उन्होंने पुराने न्यायालय परिसर में वाहनों की पार्किंग समस्या से अवगत कराया। न्यायालय परिसर के निकट खाली पड़े सैनिक कल्याण विभाग के मैदान में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की।
इस अवसर पर सचिव अशोक कुमार गिरि, पूर्व सचिव संदीप त्यागी, अनिल कुमार शिशौदिया, विवेक गर्ग, हरीश शर्मा, अनिल आजाद, अनिल वर्मा, हरीश शर्मा, घनश्याम गुप्ता, रविंद्र निमेष, अमित चौधरी, विकास त्यागी, मुकुल अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, राजेंद्र सिंह, बाबूराम, सुबोध गोस्वामी, गौरव नागर, प्रवीण गुप्ता, भोपाल सिंह, विनोद तोमर, गजेंद्र सिंह चौहान, सुशील आजाद, विशाल अग्रवाल, जगदीश जोहरी, उम्मेद अली, रवि शर्मा, मोहित गुप्ता, नवनीत आदि रहे।