गरीब बच्चों को कांवेंट स्कूलों में प्रवेश का मिलेगा मौका
हापुड़। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब छात्रों को कांवेंट स्कूलों में निशुल्क पढ़ाई का मौका मिलने जा रहा है। इसके लिए दो मार्च से आवेदन शुरू होंगे। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से ही छात्रों का चयन होगा। आवेदन के तीन चरण रखे गए हैं, बीएसए ने बृहस्पतिवार को स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आरटीई के तहत पहले ऑफलाइन आवेदन कर छात्रों को विद्यालयों का आवंटन किया जाता था। इसमें कई बार गड़बड़ी हो जाती थी। जिसके बाद शासन ने यह प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम से कराने का निर्णय लिया। इसमें चयनित होने पर छात्र को निशुल्क पढ़ाई का अवसर मिलता है। अब शासन ने इस प्रक्रिया को सत्र 2021-22 के लिए शुरू कर दिया है। शासन से मिले आदेश के अनुसार पहले चरण के लिए आवेदन 2 से 25 मार्च तक होंगे, 26 से 28 मार्च तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आवेदन पत्र का सत्यापन कर उन्हें लॉक किया जाएगा, 30 मार्च को पहले चरण की लॉटरी निकलेगी, 05 अप्रैल को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता ने बताया कि द्वितीय चरण के आवेदन एक से 23 अप्रैल तक होंगे जबकि लॉटरी 28 अप्रैल को निकलेगी। तृतीय चरण के आवेदन 29 अप्रैल से 10 जून तक होंगे इसकी लॉटरी 15 जून को निकाली जाएगी।
उन्होंने बृहस्पतिवार को स्कूलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के भी आदेश दिए।