डीजल, पेट्रोल के बढ़ते दामों पर सपाइयों ने किया प्रदर्शन
हापुड़। डीजल, पेट्रोल के बढ़ते दाम और सूबे में बढ़ते अपराध के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कार्यालय से तहसील चौपला तक सिलिंडर व बाइक को ट्रॉली पर रखकर यात्रा निकाली गई। दुष्कर्म के मामले में दोषी को फांसी की सजा दिलाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा गया।
सपा के जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। दिनों दिन रेट बढ़ते जा रहे हैं। पेट्रोल करीब 90 रुपये और डीजल 81 रुपये/लीटर से ऊपर पहुंच गया है। आमदनी के हिसाब से महंगाई इतनी बढ़ गई है कि लोगों को घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। सरकार उल्टे सीधे कानून बनाने में लगी है, लोगों के हितों का सरकार को कोई ध्यान नहीं है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार आम आदमी के हाथों से रोटी का निवाला भी छीनना चाहती है। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए ही कानून बनाए जा रहे हैं। लेकिन सपा सरकार का एक एक कार्यकर्ता किसानों और आम आदमी के साथ खड़ा है। जिले में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने प्रदेश सरकार की असफलता की पोल खोली है।
अनिल आजाद ने कहा कि दुष्कर्म के दोषी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। हापुड़ पुलिस ने 48 घंटे में दुष्कर्मी को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है। लेकिन सूबे में लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ने से सरकार की असफलता को बयां करता है।
इस मौके पर मदन चौहान, फकीरा चौधरी, संजय यादव, देवेंद्र जाखड़, बिलाल, इकबाल कुरैशी, अनिल शर्मा, मूलवीर प्रधान, अफजाल चौधरी, रिंकू चौधरी, पियूष बाल्मिकी, सुल्तान खां, अशलम खां, रविंद्र शर्मा, रामपाल जाटव, मोहित, असलम मंसूरी, दिनेश तोमर, संजय तोमर, पुरुषोत्तम वर्मा, मंजू जाटव, नईम चौधरी आदि मौजूद रहे।