किसानों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
हापुड़। जिले में किसानों के लिए कृषि विभाग वन स्टॉप शॉप खुलवाने जा रहा है। इसमें एक ही छत के नीचे किसानों को तमाम यंत्र, बीज, उर्वरक आसानी से मिल सकेंगे। बीएससी एग्रीकल्चर की उपाधि रखने वाले युवा इस योजना में शामिल होकर, खुद का रोजगार शुरू कर सकेंगे। इसमें बैंक से साढ़े तीन लाख का ऋण मिलेगा, जिस पर ब्याज में पांच फीसदी छूट मिलेगी। वहीं, दुकान के किराए की भरपाई भी सरकार द्वारा ही की जाएगी। विभाग ने इसके लिए आवेदन खोल दिए हैं।
कृषि विभाग ने युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को एक ही छत के नीचे तमाम कृषि संसाधनों का लाभ दिलाने है। जिले में 6 स्थानों पर वन स्टॉप शॉप खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इन केंद्रों को खोलने वाले पात्रों का चयन शुरू कर दिया गया है।
इस मुहिम से न सिर्फ प्रतिभावानों को रोजगार मिलेगा, साथ ही किसानों को मिलावटी खाद, बीज से राहत भी मिल जाएगी। छोटे किसानों को आसानी से किराए पर यंत्र मिल सकेंगे। जिसके चलते उन्हें गांवों में खेतों की जुताई के लिए भटकना भी नहीं पड़ेगा।
----
केंद्रों पर किसानों को मिलेगी यह सुविधा
वन स्टॉप शॉप पर किसानों को उच्च गुणवत्ता का बीज, उर्वर, जैव उर्वरक, माइक्रोन्यूट्रियंट्स, वर्मी कंपोस्ट कीटनाशक, जैव कीटनाशक, कृषि निवेशों की आपूर्ति, लघु कृषि के लिए यंत्रों को किराए पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था, नवीन तकनीक की जानकारी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड पर संस्तुत उर्वरक एवं खाद की संतुलित मात्रा के बारे में जानकारी मिलेगी।
----
बैंक से पांच फीसदी ब्याज की छूट पर मिलेगा ऋण
किसानों को योजना के तहत बैंक से पांच फीसदी ब्याज की छूट पर 3.50 लाख रुपये का ऋण मिलेगा। साथ ही पात्र को 50 हजार रुपये अपने पास से ही लगाने होंगे।
----
लाइसेंस की नहीं लगेगी फीस, किराए में छूट
योजना में चयनित होने वाले आवेदकों को बीज, उर्वरक, कीटनाशक का लाइसेंस कृषि विभाग बनाकर देगा। इसके लिए उनसे कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। साथ ही दुकान के किराए के रूप में अधिकतम एक हजार रुपये सरकार वहन करेगी।
उप कृषि निदेशक वीबी द्विवेदी ने कहा कि जिले में 6 केंद्र खोले जाने हैं। इनके लिए पात्र आवेदन कर सकते हैं। कृषि संसाधनों को बढ़ावा देने के लिए यह पहल शुरू की गई है।