गैस एजेंसी पर लगाया शोषण का आरोप
हापुड़। गैस सिलिंडर के दाम बढ़ते ही गैस एजेंसियों ने पहले ही ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले ग्राहकों से बढ़े दाम वसूलने शुरू कर दिए हैं। जबकि वह पुराने दामों पर गैस बुक कर चुके थे। इस मामले में न्यू कविनगर निवासी एक ग्राहक ने जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत की है।
न्यू कविनगर निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि 14 फरवरी को उसने ऑनलाइन गैस बुक कराई थी, 717 रुपये उसने ऑनलाइन ही अदा किए थे। ऐसे में 15 फरवरी की रात्रि 12 बजे से गैस के दामों में इजाफा कर दिया गया।
आरोप है कि गैस घर नहीं आने पर जब वह एजेंसी पर पहुंचा तो उससे बढ़े 50 रुपये देने की बात कही गई। जबकि वह पुराने दामों पर गैस बुक कर चुका था, उस समय दाम भी नहीं बढ़े थे। इस मामले में पीड़ित ने जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत की है।