टोल पर कैश लेन बंद, बिना फास्टैग देना पड़ेगा दोगुना टोल
हापुड़। टोल पर वाहन चालकों को मिलने वाली कैश लेन की सुविधा सोमवार रात 12 बजे से बंद हो गई। बिना फास्टैग के टोल से गुजरने वाले वाहनों को दोगुना टैक्स देना पड़ेगा। सरकार के इस आदेश का पालन करने के लिए जिले के तीनों टोल पर प्रबंधन तैयारियों में लगा रहा। टोल पर किसी प्रकार का विवाद न हो इसको लेकर सोमवार को टोल अधिकारियों ने एडीएम से मिलकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। हालांकि टोल पर एनएचएआई द्वारा बाउंसर भी तैनात किए गए हैं।
टोल पर लगने वाले जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने फास्टैग सेवा शुरू की। हालांकि सभी वाहनों में फास्टैग न लगा होने के कारण टोल पर कैश लेन भी चालू रखी गईं। फास्टैग की अनिवार्यता के लिए पहले भी कई बार तिथि निर्धारित की थी लेकिन ऐन वक्त पर तिथि को बढ़ा दिया गया। लेकिन सोमवार रात 12 बजे से सरकार ने सभी टोल पर फास्टैग को अनिवार्य कर दिया। सोमवार रात 12 बजे से जिले के तीनों टोल पर कैशलेन बंद कर दी गई। बुलंदशहर रोड एनएच 335 स्थित कुराना टोल पर भी अधिकारियों का पूरा ध्यान टोल की सुरक्षा को लेकर रहा। टोल अधिकारियों ने टोल पर सुरक्षा चाक चौबंद कर दी है। कुराना टोल सुपरवाइजर पवन कौशिक द्वारा सोमवार को सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए एडीएम जयनाथ यादव से मुलाकात कर सहयोग की मांग की। उन्होंने बताया कि बिना फास्टैग के वाहनों से दोगुना टोल वसूलने पर हंगामे आदि की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की गई है। कुराना टोल पर कुल 14 लेन हैं। सभी लेनों पर पुलिस बल के अलावा एनएचएआई ने अपने बाउंसर भी तैनात किए हैं।
कुराना टोल के सुपरवाइजर पवन कौशिक ने बताया कि इस टोल से गुजरने वाले करीब 20 प्रतिशत वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा है। ऐसे में दिक्कत होनी लाजमी है। शादियों के सीजन के चलते टोल पर जाम की परेशानियों से भी जूझना पड़ सकता है। इसे देखते हुए चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। वाहन चालकों को परेशानी न हो इसके लिए टोल पर पांच स्टॉल फास्टैग खरीदने के लिए बनाए गए हैं। वहीं यही स्थिति छिजारसी टोल की भी है। यहां से प्रतिदिन लगभग 40 हजार वाहन गुजरते हैं, टोल प्रबंधन की मानें तो लगभग 18 प्रतिशत वाहनों में अभी तक फास्टैग नहीं लगा है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सरकार के आदेशों के तहत जिले के सभी टोल पर सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे। किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।