कोरोना टीकाकरण में हापुड़ पुलिस अव्वल
हापुड़। कोरोना टीकाकरण के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स में हापुड़ पुलिस ने सभी विभागों को पीछे छोड़ दिया है। पुलिस लाइन में दो सत्रों पर 90 फीसदी पुलिस कर्मियों ने टीके लगवाए। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र ने सबसे पहले टीका लगवाया। वहीं, नगर पालिका के 26 फीसदी कर्मचारियों ने ही टीकाकरण कराया। पोर्टल पर भी गलत मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया, इससे स्वास्थ्य कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोरोना महामारी से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एक मात्र उपाय है। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल किया गया था। जबकि दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को सात अस्पतालों पर 11 सत्र लगाकर टीकाकरण हुआ। इसमें 1300 कर्मियों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसके सापेक्ष 753 ही उपस्थित हो सके, शुक्रवार को कुल टीकाकरण 58 फीसदी रहा।
मुख्य बात यह रही कि पुलिस लाइन में दो सत्र लगाए गए थे, जिन पर 250 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगने थे। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र ने समस्त पुलिस कर्मियों से अपील की थी कि वह खुद को टीके लगवाए। इसी क्रम में वह सबसे पहले बूथ पर पहुंचे और टीका लगवाया। यही कारण रहा कि शुक्रवार को 90 फीसदी पुलिस कर्मियों ने खुद को टीके लगवाए। सिर्फ 10 फीसदी ऐसे पुलिस कर्मी बचे जो या तो किसी कारण से बाहर थे, या फिर किसी बीमारी से परेशान थे। वहीं, नगर पालिका कर्मचारियों के लिए हापुड़ सीएचसी और पीपीसी कोठीगेट पर कैंप लगाया गया था। हापुड़ सीएचसी पर सिर्फ 26 फीसदी और पीपीसी पर 33 फीसदी कर्मचारी ही उपस्थित हो सके। कई बार अधिकारियों द्वारा संपर्क किए जाने के बाद भी कर्मचारी बूथों तक नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं इनमें बहुत से कर्मचारियों ने पोर्टल पर मोबाइल नंबर भी गलत दर्ज करा दिया था और यह नंबर भी किसी अन्य जनपदों में जाकर मिल रहे थे। ऐसे में स्वास्थ्य अधिकारियों को भी लक्ष्य पूरा न किए जाने पर मायूसी हुई।
---
15 को लगेगा दूसरा टीका
जिले में 15 फरवरी को पहले चरण में शामिल हुए स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज लगेगी। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। इन कर्मचारियों को 15 फरवरी को 28 दिन पूरे हो जाएंगे।
---
जिले में कोरोना के तीन नए मरीज मिले
जिले में शुक्रवार को कोरोना के तीन नए मामले सामने आए। इनमें रफीकनगर का एक, महेशपुरी का एक, गणेशपुरा का एक मरीज शामिल है। कोरोना को लेकर अधिकारियों ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क पहनने की अपील की है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 753 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके लगाए गए हैं। नगर पालिका के कर्मचारियों के रवैया को लेकर उच्चाधिकारियों से भी वार्ता की गई है।