लूट की योजना बनाते तीन आरोपी दबोचे
हापुड़। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात रेलवे माल गोदाम के पास तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूट व चोरी में प्रयुक्त उपकरण, थ्रीव्हीलर व तीन चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि रेलवे माल गोदाम के पास खंडर में बैठकर कुछ संदिग्ध किसी वारदात को अंजाम देने की योजना तैयार कर रहे हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान थाना सिंभावली क्षेत्र के हरोड़ा मोड निवासी मोनू उर्फ राजा, हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के बैंक कालोनी निवासी कैलाश व मोती कालोनी निवासी रवि चौधरी के रूप में हुई। इनके पास से एक पेचकस, हथौड़ा, सड़ासी, सरिया, टेंपो व तीन चाकू बरामद किए हैं।