किसान आयोग के गठन को भाकियू ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
हापुड़। किसान आयोग के गठन और एमएसपी का कानून बनाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। कृषि कानूनों की चर्चा खुले मंच पर कराने और गन्ने का दाम 450 रुपये/क्विंटल करने की भी मांग उठाई गई। लंबित मांगों का निस्तारण नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की भी चेतावनी दी।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से जिले का किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है। कृषि कानूनों का लाभ से ज्यादा किसानों को नुकसान होगा। इसलिए खुले मंच पर इन कानूनों की चर्चा की जाए। किसानों की भलाई के लिए सरकार जल्द किसान आयोग का गठन करे।
संगठन मंत्री राजेंद्र गुर्जर व वरिष्ठ कार्यकर्ता राधेलाल त्यागी ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू कर एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाए। गन्ने का दाम 450 रुपये/क्विंटल घोषित किए जाएं। नौकरशाहों की पेंशन व्यवस्था सरकार द्वारा जो समाप्त की गई है, उसी तररह सांसद, विधायक और राजनीतिक मंत्रियों की पेंशन व्यवस्था समाप्त कर देश के प्रत्येक नागरिक को 60 साल की आयु पूर्ण करने पर उसे दस हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाए। जैविक खेती एवं कृषि आय को बुनियादी बढ़ावा देने के लिए कृषि ढांचे का सुधार किया जाए।
किसानों की समस्याओं का यदि जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो आंदोलन बड़ा किया जाएगा। जिले में भी कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे। इन मांगों के निस्तारण को लेकर किसानों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर योगेश त्यागी, राजवीर भाटी, रूपराम, राकेश, सियानंद त्यागी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।