लघु उद्योग स्थापित कर सकेंगे बेरोजगार युवा ,मिलेगा एक लाख का अनुदान
हापुड़। जिले में बेरोजगार युवा अब लघु उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने 30 पात्रों का चयन कर, एक महीने की ट्रेनिंग का कार्यक्रम शुरू कर दिया है। शासन से लघु इकाईयां लगाने के लिए एक लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा, जिसका प्रस्ताव विभाग बनाकर भेजेगा।
शासन की मंशा बेरोजगारी को खत्म कर युवाओं को स्वयं के रोजगार स्थापित कराना है। इसके लिए तमाम विभागों को अलग अलग जिम्मेदारी दी गई है। खाद्य प्रसंस्करण विभाग लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बड़ी कवायद कर रहा है। जिसमें मौसमी फल सब्जी से जैम, जैली, मुरब्बा, अचार, पापड़, बड़ी, आटा, तेल, पेठा, कैंडी, दलिया, दुग्ध उत्पाद की इकाइयां स्थापित कराने का प्लान है। महात्मा गांधी खाद्य प्रसंस्करण के उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विभाग द्वारा जिले की 8 न्याय पंचायतों से 30 लाभार्थियों का चयन किया है। जिन्हें एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें मौसमी सब्जी, फलों के उत्पादों से लघु इकाई स्थापित करने के टिप्स दिए जाएंगे। मुख्य बात यह है कि प्रशिक्षण के बाद इकाई स्थापना के लिए विभाग प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजेगा।
जिन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलेगी, उन्हें एक लाख रुपये तक का अनुदान शासन द्वारा दिया जाएगा। इसमें ऐसे लोग ही शामिल होंगे जो लगनशील हैं और आर्थिक रूप से कमजोर हैं। प्रशिक्षण के दौरान पर्यवेक्षक नौ सिंह, धर्मेंद्र पाल राठी, अरुण कुमार का सहयोग रहा।
राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि 30 पात्रों के लिए प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पात्र स्वरोजगार होंगे, जो लघु इकाईयां स्थापित कर सकेंगे।