बदमाशों ने चालक से नकदी लूटी, हत्या का किया प्रयास
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला के पास 10 जनवरी को एक मिनी ट्रक के चालक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। साथ ही रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। आरोपी उसकी जेब से नकदी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मेरठ के थाना भावापुर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी जावेद ने बताया कि वह मिनी ट्रक चलाता है। 10 जनवरी को पीड़ित मिनी ट्रक में भैंस लेकर थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव भीकनपुर जा रहा था। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला के पास पहुंचने पर जनपद मेरठ के थाना भावापुर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी आसिफ, खुशी, आबिद और एक अन्य व्यक्ति ने उसे रोक लिया। लूट के इरादे से आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और रस्सी से गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी उसकी जेब में रखे साढ़े पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इसके बाद वह बेहोश हो गया। होश में आने पर पीड़ित थाने पहुंचा और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। लेकिन, पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चोरों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।