उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने के बाद गढ़ में हाईअलर्ट, गंगा घाट कराए गए खाली
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। उत्तराखंड के जोशीमठ में ग्लेशियर फटने के बाद आई आपदा को देखते हुए जिले में भी हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। डीएम द्वारा जारी आदेशों के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ब्रजघाट में घाटों को खाली कराया। गंगा के टापू पर बनी दुकानों और पंडों के ठीयों को हटवाया गया है। बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्राम सचिवों और लेखपालों को मुनादी और चेतावनी देेने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
गढ़ गंगा क्षेत्र के 14 गांव बाढ़ प्रभावित रहते हैं। गंगा का जलस्तर पर बढ़ने पर इन गांवों में बाढ़ की आशंका बन जाती है। उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने के बाद गढ़ में भी जलस्तर बढ़ने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार 30 से 32 घंटे में पानी आने की आशंका है। जिसे देखते हुए डीएम अदिति सिंह ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिसके बाद सीडीओ उदय कुमार, एडीएम जयनाथ यादव, एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, एसडीएम विजयवर्धन आदि अधिकारी गढ़ पहुंच गए। अधिकारियों ने सबसे पहले ब्रजघाट घाटों को खाली कराया। ब्रजघाट में घाटों पर फूल प्रसाद की दुकानों व पंडित पंडों के ठीयों को हटवा दिया गया। इसके अलावा गंगा में बने टापू पर भी कुछ लोगों ने दुकानें सजा दी गई थी, उन्हें भी हटवाया गया। इसके अलावा गंगा किनारे के गांवों में भी अलर्ट घोषित करते हुए ग्राम सचिवों और लेखपालों को ग्रामीणों को चेतावनी जारी करने के लिए निर्देशित किया गया है। ये अधिकारी गंगा किनारे के गांवों में मुनादी और एनाउंसमेंट करने के साथ गंगा किनारे बनाई गई झोपड़ी आदि को हटवाएंगे। इसके अलावा लोगों को सोमवार से गंगा में न जाने और विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार रहने के लिए सतर्क किया जा रहा है। सोमवार दोपहर बाद यहां पानी पहुंचने की आशंका है।
एडीएम जयनाथ यादव ने बताया कि फिलहाल अलर्ट जारी कर दिया गया है। लेकिन यहां जलस्तर अधिक बढ़ने की आशंका कम है, ऐसे में लोग किसी प्रकार की हड़बड़ाहट में न रहें, हालांकि सतर्क रहें। किसी भी परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाढ़ चौकियों पर टीमें तैनात कर दी गई हैं।
------
एक घंटे में पहुंचेंगी एनडीआरएफ की टीमें
किसी भी आपात स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ मुरादाबाद और गाजियाबाद की टीमों से संपर्क कर लिया है। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। सूचना के एक घंटे बाद दोनों टीमें मौके पर पहुंच जाएंगी।