शराब के लिए रुपये नहीं देने पर पीटा
हापुड़। शराब के लिए रुपये नहीं देने पर कुछ लोगों ने युवक को बेरहमी से पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला छज्जूपुरा निवासी राजू ने बताया कि बुधवार देर शाम वह किसी काम से फ्री गंज रोड पर गया था। इस दौरान मोहल्ला छज्जूपुरा निवासी आकाश उर्फ आकू, कमल, रिजवान व इनके एक अन्य साथी ने उसे जबरन रोक लिया। ये लोग उससे शराब खरीदने के लिए रुपये की मांग करने लगे। रुपये देने से इनकार करने पर चारों ने मारपीट शुरू कर दी। इन लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।