सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मेरठ रोड स्थित इंदिरा नगर निवासी मोहित गोयल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात उसका भाई पारस गोयल बाइक पर सवार होकर शहर की ओर जा रहा था। मेरठ रोड स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पारस गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि वाहन चालक वाहन सहित फरार होने में कामयाब हो गया। मृतक की शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।