दो पक्षों में मारपीट, झोपड़ी में लगाई आग
हापुड़। नगर के मेरठ रोड स्थित मोती कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की झोपड़ी में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि एक बुजुर्ग महिला को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोती कालोनी निवासी सगे भाई सुभाष व गब्बर अपने परिवार के साथ अलग अलग मकान में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आपस में मारपीट कर लगे। दोनों तरफ से पथराव भी किया है। मारपीट और पथराव में गब्बर पक्ष की ओर से बुजुर्ग महिला रेखा देवी सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं सुभाष पक्ष से मोहित उसकी पत्नी टोली व संदीप को भी घायल हो गए। बुजुर्ग महिला के घायल होने से गुस्साए गब्बर पक्ष के लोगों ने सुभाष के दामाद विक्की की झोपड़ी में आग लगा दी। जिससे उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अन्य लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि गब्बर पक्ष के लोगों की तहरीर पर सुभाष उसके पुत्र मोहित व संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।