जिले में 1052 स्वास्थ्य कर्मियों का हुआ टीकाकरण
हापुड़। जिले में बृहस्पतिवार को आठ अस्पतालों में लगे 13 बूथों पर 1052 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। 468 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर, व्यवस्थाओं को परखा। शुक्रवार को भी टीकाकरण किया जाएगा।
जिले में कोरोना की वैक्सीन 14 जनवरी को आई थी, 16 फरवरी को पहली बार टीकाकरण शुरू हुआ था। पहले चरण में कुल 7349 स्वास्थ्य कर्मचारियों को शामिल किया गया था। बृहस्पतिवार को पहले चरण का पांचवां राउंड शुरू किया गया।
आठ अस्पतालों पर टीकाकरण के लिए 1520 स्वास्थ्य कर्मचारियों का चयन किया गया था। उन्हें मेसेज भी भेजे गए। सुबह 9 बजे से तैयारियां शुरू कर दी गई, शाम पांच बजे तक 1052 स्वास्थ्य कर्मियों ने खुद को टीके लगवाए। बृहस्पतिवार को टीकाकरण की दर 69 फीसदी ही रही। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर, व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार को भी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
गढ़ सीएचसी में टीकाकरण के लिए दो सत्र लगाए गए थे, इस पर 250 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगने थे। लेकिन 98 ही उपस्थित हो सके। ऐसे में यहां महज 39 फीसदी ही टीकाकरण हो सका।
सिंभावली सीएचसी टीकाकरण के मामले में बृहस्पतिवार को टॉप रहा। यहां एक सत्र पर 82 को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके सापेक्ष 100 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीके लगवाए, टीकाकरण 122 फीसदी रहा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.संजीव कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीकाकरण सफल रहा। जिन स्थानों पर टीका लगवाने कम कर्मचारी पहुंचे, उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।