सिंभावली में पुलिस को ज्ञापन देते एबीवीपी के पदाधिकारी।
- फोटो : GARH
शरारती तत्वों से कॉलेज की छात्राएं परेशान
गढ़मुक्तेश्वर। छात्राओं पर शरारती तत्वों की छींटाकशी और छेड़छाड़ से परेशान कॉलेज प्रधानाचार्य और एबीवीपी के पदाधिकारियों ने सिंभावली एसओ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाओं पर अंकुश न लगने पर एबीवीपी ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
सिंभावली स्थित रघुवीर सिंह किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओंकार शर्मा ने एबीवीपी जिला संयोजक समेत अन्य पदाधिकारियों को कॉलेज में बुलाकर वार्ता की। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के बाद कॉलेज भी खुले जिसके बाद जैसे-जैसे छात्राओं की संख्या बढ़ रही है, वैसे ही शरारती तत्व भी परेशान करे लगे हैं। कॉलेज आने-जाने के दौरान छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसते हुए उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। इसी के चलते छात्रों के गुटों में आपस में मारपीट की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। प्रधानाचार्य ने एबीवीपी पदाधिकारियों से समस्या का समाधान कराने में सहयोग की मांग की। जिसके बाद प्रधानाचार्य समेत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने सिंभावली थाने के कार्यवाहक एसओ लाखन सिंह से भी वार्ता करने के बाद एक ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान गौरव गौड़ ने कहा कि छेड़खानी और मारपीट की घटनाओं में अधिकांश बाहरी तत्व शामिल होते हैं, जो स्कूल-कॉलेज के छात्रों से अभद्रता करने के साथ ही उन्हें परेशान करते हैं। कॉलेज प्रबंधन द्वारा कई बार पुलिस-प्रशासन से शिकायत की गई है, लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। जिसे एबीवीपी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।। एबीवीपी ने स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, गश्त समेत अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर तहसील सह संयोजक नितिन, पुनीत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशीष कुमार, एसएफएस जिला संयोजक निखिल कुमार, हैप्पी शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यवाहक एसओ लाखन सिंह ने एबीवीपी पदाधिकारियों व कॉलेज प्रबंधन को अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस गश्त बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया है।