गन्ना भुगतान, गलत बिलों के विरोध में आंदोलन करेंगे सपाई
हापुड़। जिले में गन्ना भुगतान और नलकूप बिलों में गड़बड़ी के विरोध में सपा कार्यकर्ता आंदोलन की योजना बना रहे हैं। गांवों में जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को उठाने का निर्णय लिया। जल्द ही जिला कार्यालय पर बैठक कर, विभागों के घेराव की तिथि घोषित होगी।
पंचायत को संबोधित करते हुए सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संजय गहलौत ने कहा कि जिले के किसान गन्ना की फसल पर निर्भर हैं, लेकिन शुगर मिल और गन्ना विभाग की मिलीभगत से किसानों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में किसानों को कर्ज लेकर घर खर्च चलाना पड़ रहा है। कहा कि जिले के किसानों को बिजली के गलत बिल जारी किए जा रहे हैं। जबकि किसान नलकूपों का पूरा बिल जमा कर चुके हैं। आए दिन इस मामले को उठाया जाता है, लेकिन कोई राहत नहीं दिलायी जाती है। इसके विरोध में अब गन्ना विभाग और बिजली निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय पर होने वाली बैठक में इस आंदोलन की तिथि घोषित कर दी जाएगी। जनसंपर्क करने वालों में सुल्तान खान, हिमांशु जाटव, रोहित ठाकुर, अनिकेत, वसीम मेवाती, परवेज आलम, बिलाल, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।