आरपीएफ ने रेलवे का सामान चुराते तीन दबोचे
हापुड़। रेलवे पुलिस ने पिलखुवा से रेलवे का सामान चुराते दो लोगों को दबोच लिया। आरपीएफ ने दोनों चोरों की निशानदेही पर एक कबाड़ी की दुकान से रेलवे का सामान बरामद किया है। पुलिस ने कबाड़ी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है। आरपीएफ ने दोनों चोरों व कबाड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुरादाबाद भेज दिया है।
आरपीएफ थाना हापुड़ प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि हापुड़-पिलखुवा स्टेशन के बीच एक स्थान (मध्य किलोमीटर संख्या 107 /5-11) पर सेज एंगल चोरी होने की सूचना एसआई वीर सिंह को प्राप्त हुई। आरपीएफ ने घटनास्थल के पास नाकेबंदी कर हापुड़ निवासी राजकुमार उर्फ राज पुत्र सुरेश उम्र 20 वर्ष निवासी गांव चमरी व विपिन पुत्र सतीश पाल उम्र 21 वर्ष निवासी मोहल्ला हर्ष विहार कॉलोनी को दबोच लिया। दोनों से एक-एक सेज एंगल रेल संपत्ति को पकड़ लिया। दोनों की निशानदेही पर मोदीनगर रोड पर फ्लाईओवर के पास एक कबाड़ की दुकान से चार सेज एंगल व 36 स्क्रू नट कबाड़ी गुलशन कुमार उम्र 24 वर्ष निवासी मोहल्ला आदर्श नगर की दुकान से बरामद किए।
उन्होंने बताया कि तीनों के पास से रेलवे के सामान पर अवैध कब्जा करने को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने सभी सामान की अनुमानित लागत करीब 6800 रुपये बताई है। रेलवे पुलिस ने तीनों चोरों को मुरादाबाद मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होने के लिए भेज दिया है। संवाद