जिले में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज मिला, छह हुए स्वस्थ
हापुड़। जिले में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी एक ही मरीज कोरोना से संक्रमित मिला। इससे अफसरों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन इन दिनों एंटीजन किट की जांच का दायरा कम कर दिया गया है, जिसके बाद से मरीजों की संख्या कम हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मिला मरीज मोदीनगर रोड स्थित शिवनगर कॉलोनी का निवासी है। मरीज का चिकित्सकों ने उपचार शुरू करा दिया है। वहीं, छह और मरीजों की उपचार के बाद जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। जिसके बाद चिकित्सकों ने इन मरीजों को स्वस्थ घोषित कर होम क्वारंटीन करा दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि जनपद में अभी तक 4309 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 4167 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 79 मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। जबकि 63 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है।