कोहरे से ढका शहर, पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी गलन
हापुड़। मंगलवार को जिला कोहरे की सफेद चादर से ढक गया। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते शीतलहर के आगे चटक धूप भी फीकी पड़ गई है। लोगों को सर्दी के कारण घरों से निकलना दूभर हो रहा है। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा वहीं एक्यूआई 156 दर्ज किया गया।
मंगलवार को सुबह घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। धूप खिलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। लेकिन शीतलहर के प्रकोप से राहत नहीं मिली। धूप में बैठने के बावजूद ठिठुरन बनी रही। जिले मेें 10-12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली।
उत्तरी पश्चिमी हवाओं से मौसम बेहद सर्द हो गया है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम 6 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना बनी हुई है। कड़ाके की सर्दी में एक्यूआई में शनिवार को गिरावट दर्ज की गई। हवा की शुद्धता का सूचकांक 156 रहा।
हृदय व सांस रोगियों के लिए खतरा-
कड़ाके की सर्दी हृदय और सांस रोगियों के लिए खतरा बन गया है। ऐसे रोगी घरों के अंदर ही रहें, बाहर घूमने से बचे। बच्चों के लिए भी यह मौसम बेहद खतरनाक है। सीएमओ डा.रेखा शर्मा का कहना है कि सर्दी में खून गाढ़ा हो जाता है। इससे हार्ट अटैक की समस्या होती है। सुबह शाम के घूमने से फिलहाल बचें । इसके अलावा सांस, दिल के मरीज, ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज भी सावधानी बरतें।
यह बरतें सावधानी-
* पानी का अधिक से अधिक सेवन करें।
* घी, तेल व चिकनाई का परहेज करें।
* साग, सब्जी व मौसमी फल का सेवन करें।
* बच्चों को बाहर न घूमने दें।
* सर्दी में बुजुर्ग व बीमार बाहर न निकलें।
* रात में बंदर जगह पर अंगीठी व हीटर का प्रयोग न करें।
* ठंडी चीजों का प्रयोग न करें।
* सुबह शाम घूमने से बचें।