पुलिस कार्यालय में ही अनुपस्थित मिले कांस्टेबल, दो लाइन हाजिर
हापुड़। एसपी नीरज कुमार जादौन ने सोमवार सुबह पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित दो कांस्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही सभी को निर्धारित समय तक कार्यालय आने की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन सोमवार सुबह निर्धारित समय पर पुलिस कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यालय का औचक निरीक्षण कर डाला। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में मौजूद सभी पटल पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति पंजीका से हाजिरी ली। जिसमें कांस्टेबल धर्मवीर सिंह (एएचटीयू शाखा) व दफ्तरी राजेश पांडे (प्रधान लिपिक शाखा) अनुपस्थित पाए गए। दोनों सुबह 11.30 बजे तक भी कार्यालय में उपस्थित नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समय से कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने सोमवार को दोयमी और अयोध्यापुरी चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान अयोध्यापुरी चौकी पर कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद वह स्वर्ग आश्रम रोड पर पहुंचे। जहां एक बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन व्यक्तियों का चालान काटते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के आदेश भी दिए हैं।