छत से गिरकर 13 वर्षीय किशोरी की हुई मौत
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला न्यू कविनगर में छत पर टहलने गई एक 13 वर्षीय किशोरी अचानक रेलिंग से नीचे गिर गई। किशोरी को आनन फानन में परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला न्यू कविनगर निवासी वृद्ध खेमचंद साइकिल ठीक करने का कार्य करता है। खेमचंद और उसकी पत्नी के साथ उसकी 13 वर्षीय पौत्री अंशिका पुत्री राजेंद्र भी यहीं रहती थी। राजेंद्र परिवार के साथ मेरठ में रहता है। अंशिका नगर के स्कूल में कक्षा छह में पढ़ रही थी। सोमवार दोपहर अंशिका खाना बनाने के बाद छत पर टहलने चली गई। लोगों के अनुसार अंशिका रेलिंग के सहारे खड़ी थी, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सिर के बल पहली मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने इस प्रकार की किसी जानकारी होने से इंकार किया है।