उर्वरकों की दुकानों पर अधिकारियों ने मारा छापा, चार के लाइसेंस निलंबित
हापुड़। डीएम के आदेश पर बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन व कृषि विभाग के अफसरों ने कृषि उर्वरकों की दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान कार्रवाई के डर से दुकान बंद कर भागे चार दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं दो को चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने 30 सैंपल एकत्र कर, जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
जिले में मिलावटी उर्वरकों की खेल किया जा रहा है। जिनकी बिक्री किसानों को कर दी जाती है। इस तरह की शिकायतें बीते काफी दिनों से कृषि विभाग के अफसरों को मिल रही थी। मामले की गंभीरता डीएम के आदेश पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को जांच के लिए भेजा गया।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह, उप कृषि निदेशक वीबी सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. दिव्या मौर्या व तहसील की टीम ने 32 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। इन दुकानों से विभिन्न उर्वरकों के 30 सैंपल एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई के डर से चार दुकानदार भाग निकले। इस लापरवाही पर पड़ाव के सरदार ट्रेडिंग कंपनी, चौधरी बीज भंडार, बाबूगढ़ स्थित जय गुरुदेव, बाबूगढ़ स्थित निर्वाण खाद भंडार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा दो दुकानदारों को चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि जिले में किसी भी कीमत पर मिलावटी बीज, उर्वरकों की बिक्री नहीं करने दी जाएगी।