शराब ठेकों के आसपास पुलिस ने मारे छापे, कई लोगों को हिरासत में लिया
हापुड़। खुले में शराब पीने के संबंध में हाल ही में अमर उजाला द्वारा समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद हापुड़ पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी के आदेश पर सोमवार देर रात एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने शराब के ठेकों के आसपास विभिन्न स्थानों पर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने खुले में शराब पी रहे कई लोगों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया।
शहर में दिन ढलते ही कुछ सड़कें बार में तब्दील हो जाती हैं। ठेकों के आसपास दुकानों और ठेलों पर लोगों को खुलेआम शराब परोसी जाती है। मेरठ रोड फ्लाई ओवर और गढ़ रोड फ्लाईओवर के नीचे ऐसे मुख्य ठिकाने हैं। अमर उजाला द्वारा इस संबंध में दस दिसंबर को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था।
इसके बाद एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस को ठेकों के आसपास जांच के निर्देश दिए थे। सोमवार रात एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ वैभव पांडेय और पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर ठेकों और कैंटीन के साथ आसपास के क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान शराब पीने वाले लोग काफी परेशान दिखाई दिए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की व कई पर कार्रवाई भी की गई।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि खुले में शराब पीने से रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।