जनता का फीडबैक बताएगा कितना स्वच्छ है हापुड़
हापुड़। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की स्टार रेटिंग के नए पैरामीटर में लोगों का फीडबैक काफी महत्वपूर्ण रहेगा। जनता का फीडबेक बताएगा कि शहर में सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, पॉलिथीन पर प्रतिबंध की क्या स्थिति है। इन सवालों के जवाब से ही नगर पालिका की रैकिंग तय होगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर पालिका अफसरों ने कमर कस ली है। हापुड़ पालिका को अव्वल आने के लिए शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, रात्रि सफाई, बाजारों में सफाई, कूड़ा नहीं जलाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान, अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है। इसकी मॉनीटरिंग पालिका अफसरों द्वारा लगातार की जा रही है। इसके अलावा
पालिका अफसरों द्वारा नियमित सफाई अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति की बैठक, स्वच्छता एप डाउनलोड कराना, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, डंपिंग ग्राउंड तक कूड़ा पहुंचाना, जीपीएस से वाहनों की मॉनीटरिंग आदि का कार्य भी कराया जा रहा है। हालांकि इन सभी की वास्तविक स्थिति क्या है इसका फीडबैक जनता से लिया जाएगा। स्टार रेटिंग में सिटीजन फीडबैक के लिए छह कैटेगरी बनाई गई हैं। जबकि इसके पहले सामान्य तौर पर सिटीजन फीडबैक लिया जाता था। इसमें 14 साल की उम्र के छात्र, एनजीओ, सरकारी अधिकारी, सामाजिक संगठन, शहर के प्रमुख नागरिक। व्यापारी संगठन, अस्पताल, रेसीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, प्राइवेट कार्यालय आदि शामिल रहेंगे।
तिमाही के आधार पर बनेगी रैंक
स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के जिला प्रभारी अमित निम्बेकर ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में तिमाही आधार पर सर्वेक्षण को आधार बनाया जा रहा है। वर्ष 2021 के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण अप्रैल में शुरू हो चुका है। स्वच्छता की दिशा में किए गए प्रयासों को अप्रैल-जून के सर्वेक्षण में शामिल किया गया है। जुलाई-सितंबर माह के बीच शहर को स्वच्छ बनाने के लिए किए गए कार्यों को आधार बनाकर अंक निर्धारित किए गए हैं। इनका डाटा शासन को भेजा जा चुका है। जबकि अक्तूबर-दिसंबर के बीच किए गए कार्यों का आंकलन शासन स्तरीय टीम द्वारा होगा। इसके लिए प्रत्येक तिमाही दो-दो हजार अंक निर्धारित किए हैं। इसके आधार पर देश व प्रदेश स्तर की रैकिंग जारी होगी।
जनवरी में जारी होगी क्वार्टर लीग की रैंक
शासन स्तर से वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण रिपोर्ट जारी की जाती है, लेकिन पिछले साल से क्वार्टर लीग के आधार पर भी रैंक जारी की जा रही है। इस बार भी क्वार्टर लीग के आंकड़े जनवरी माह में जारी होंगे। इसका असर भी वार्षिक रिपोर्ट पर भी पड़ता है।
स्वच्छता सर्वेक्षण को सफल बनाने की अपील
हापुड़। नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभागार में बुधवार को ईओ एसके गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर मंथन किया गया।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद हापुड़ के अफसरों ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सर्वेक्षण को सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी पालिका कर्मचारियों की है।
पालिका ईओ ने सभी सफाई निरीक्षकों से कहा कि सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश यादव, एसबीएम कोअर्डिनेटर दीपाली अरोड़ा, सफाई निरीक्षक राजकुमार, वीरेंद्र सिंह तेवतिया, ब्रह्मपाल सिंह, नीरज कुमार सहित सफाई नायक मौजूद रहे। संवाद