शहर में रुके विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
हापुड़। कोरोना महामारी काल में कमजोर वित्तीय स्थिति से गुजर रही नगर पालिका परिषद हापुड़ को सात करोड़ की धनराशि मिली है। इससे शहर में रुके जरूरी विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी।
शासन से राज्य और वित्त आयोग अलग से धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। इस धनराशि से नगर पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य होते हैं। इस बार 15वें वित्त से सात करोड़ की धनराशि नगर पालिका को प्राप्त हुई है। इससे शहर में सड़क, नाली, नालों का निर्माण होगा। साथ ही शहर में पथ प्रकाश की भी व्यवस्था होगी। शहर में सफाई भी बेहतर व्यवस्था को बल मिलेगा।
बता दें कि वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि नगर पालिका के लिए मददगार साबित होगी। पालिका अधिकतर उपकरणों की भी खरीद करती है।
नगर पालिका के ईओ एसके गौतम ने बताया कि 15वें वित्त से पालिका को करीब सात करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है। इसकी कार्ययोजना तैयार कराई जा रही है।