जिले में 4.55 करोड़ से बनेंगी 15 सड़कें
हापुड़। जिला पंचायत विभाग द्वारा 4.55 करोड़ रुपये की लागत से 13.27 किलोमीटर की 15 सड़कों का निर्माण होगा। रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सड़कों का वर्चुअल शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय के एनआईसी कार्यालय में किया गया।
जिला पंचायत क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति काफी बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। ग्रामीणों द्वारा आए दिन सड़क निर्माण की गुहार अधिकारियों से लगाई जा रही थी। जिला पंचायत सदस्यों के द्वारा इस तरह के प्रस्ताव बोर्ड बैठकों में रखे गए।
जिला पंचायत हापुड़ द्वारा पंचम राज्य वित्त आयोग एवं 15 केंद्रीय वित्त आयोग के अंतर्गत अनुदान के सापेक्ष प्राप्त लक्ष्य 12 किलोमीटर के सापेक्ष 13.27 किलोमीटर की 15 सड़कें अनुमानित लागत 4.55 करोड़ हॉट मिक्स पद्धति से कार्य कराए जाने हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वर्चुअल शिलान्यास किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार ने बताया कि छिजारसी, श्यामनगर, असौड़ा, मुदाफरा, आगापुर सराय आदि गांवों में सड़कों का निर्माण शुरू होगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार, सीडीओ उदय सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत प्रणव पांडेय, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अनिल कुमार मौजूद रहे।