कृषि बिलों के विरोध में दिल्ली पहुंचे जिले के किसान
हापुड़। कृषि बिलों के विरोध में शनिवार को सैकड़ों भाकियू कार्यकर्ता ततारपुर बाईपास पर एकत्र हुए और वहां से दिल्ली के लिए कूच कर गए। इस दौरान सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन कर इन कानूनों को वापस लेने की मांग उठाई गई।
भाकियू के राष्ट्रीय सचिव कुशलपाल आर्य व मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा ने कहा कि सरकार ने कृषि कानून को किसानों पर जबरन थौंपकर उन्हें परेशानी में डाल दिया है। सरकार ने फसलों का मुनासिब दाम किसानों को दिलाने का दावा किया था। लेकिन इसमें सरकार विफल हो गई, किसानों को वाजिब दाम तो दूर लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में काले कानून किसानों पर भारी पड़ने लगे हैं।
कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन कर, कानून को वापस लेने की मांग उठाई। इसके बाद सभी कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसमें जिले के चारों ब्लॉकों से किसान शामिल रहे।
दिल्ली जाने वालों में सतवीर सिंह, बिरेंद्र सिंह, बबली सिंह, नीलम त्यागी, जीते चौहान, सुभाष चौहान, महिपाल सिंह, इंद्रजीत सिंह, हबीब चौधरी, जसवंत गिरी, अमानत अली, जयवीर सिंह, लव कुमार, कपिल कुमार, प्रवेश आदि मौजूद रहे।