तालाब पर कब्जा हटाने गए लेखपाल से अभद्रता
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा में तालाब की भूमि पर अवैध रूप से हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाने गए लेखपाल से ग्रामीण ने अभद्रता कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने मारपीट की धमकी देकर लेखपाल को भगा दिया। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देवलोक कॉलोनी निवासी अतुल त्यागी हापुड़ खंड में लेखपाल हैं। बताया कि वह शनिवार को वे बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शेखपुर में स्थित तालाब की जमीन से कब्जा हटवाने के लिए गए थे। एक व्यक्ति ने तालाब की भूमि पर दीवार खड़ी कर दी। इस सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस पर गांव शेखपुर निवासी अंकुर ने लेखपाल के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। उसके साथ ही लोगों ने भी अभद्रता की। लेखपाल ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए थाने में तहरीर दी। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर आरोपी अंकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।