घर में घुसकर परिवार पर हमला, तोड़फोड़
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी निवासी एक महिला के घर में घुसकर कुछ लोगों ने लाठी डंडों के साथ हमला कर दिया। परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर दी। एएसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला पन्नापुरी निवासी निशा शर्मा ने बताया कि नौ नवंबर को वह घर पर मौजूद थी। इस दौरान मोहल्ला निवासी महेंद्र शर्मा, मनोज शर्मा व हिमेश शर्मा हाथों में लाठी डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता कर महिला व उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दी। उसके बाद घर में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए थे। थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा के आदेश पर आरोपी महेंद्र शर्मा, मनोज शर्मा व हिमेश शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।