मेरठ रोड स्थित सिचाई विभाग के गेस्ट हॉउस में बैठक में मौजूद किसान
- फोटो : HAPUR
किसान बंधुओं की बैठक में नहीं पहुंचे अधिशासी अभियंता, हुआ हंगामा
हापुड़। सिंचाई विभाग में मंगलवार को किसान बंधुओं की बैठक में अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर प्रदर्शन किया। आरोप है कि डीएम के आदेश के बावजूद अधिशासी अभियंता यहां नहीं बैठते हैं, जिससे किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। हंगामा बढ़ने पर मौके पर पहुंची सीडीओ ने किसानों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भाकियू भानु के जिला अध्यक्ष पवन हूण व संगठन मंत्री राजेंद्र गुर्जर ने बताया कि जिले में नहर माइनर छोइयों की सफाई को लेकर किसान काफी परेशान रहते हैं। अधिकारियों से कई बार यहां अधिशासी अभियंता की नियुक्ति कराने की मांग उठाई गई है। डीएम हापुड़ द्वारा भी संबंध में आदेशित कर दिया गया है, लेकिन सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मेरठ में ही बैठते हैं। हापुड़ जिले में बड़े पैमाने पर खेती की जाती है। ऐसे में अधिकारियों के नहीं बैठने से सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या के विरोध में कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर बैठक बर्खास्त करने की मांग उठाई। हंगामा बढ़ता देख सीडीओ मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याओं को सुना। उन्होंने जल्द इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। वही कार्यकर्ताओं ने जल्दी समस्या से राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। हंगामा करने वालों में राधेलाल त्यागी, राजवीर भाटी, संजय त्यागी, अमन प्रधान, सर्वेश त्यागी, आदेश कुमार, पुरुषोत्तम, रवि आदि मौजूद रहे।