लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा प्रदूषण
हापुड़। हापुड़ के वायु गुणवत्ता सूचकांक में खासा सुधार नहीं हो रहा है। अभी भी हापुड़ का एक्यूआई गंभीर बना हुआ है। दिल्ली एनसीआर की आबोहवा का असर जनपद की हवा पर भी है। मंगलवार को हापुड़ का एक्यूआई 391 रहा।
हापुड़ की आबोहवा सामान्य से करीब आठ गुना तक प्रदूषित चल रही है। दिल्ली एनसीआर की तरह एक्यूआई के प्रभावित होने का क्रम जारी है। प्रदूषित हवा लाल श्रेणी में शामिल होकर सभी की परेशानी बढ़ा रही है। मंगलवार को एक्यूआई में कुछ गिरावट भी देखने को मिली, लेकिन इससे लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल पाई। सुबह को घरों से बाहर घूमने निकले लोगों को आंखों में चुभन और जलन जैसी समस्या भी हुई। सरकारी मशीनरी की सतर्कता के बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। जबकि 15 अक्तूबर से ग्रेप नियम लागू हो चुके हैं।
एडीएम जयनाथ यादव ने बताया कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए एनजीटी द्वारा जो भी आदेश पारित किए गए हैं, उनका जिले में सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा।