बंधक बनाकर जमीन का करा लिया बैनामा
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी व्यक्ति ने कुछ लोगों पर अपने पिता का अपहरण कर बंधक बनाने और जबरन जमीन का बैनामा अपने नाम करने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने बैंक खाते से रुपये भी निकाल लिए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव फतेहपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि 15 अगस्त 2019 को उसके पिता रोहताश पाल नशे की हालत में घर से गायब हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं लग सका। इस संबंध में पीड़ित ने थाना बाबूगढ़ में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पता चला कि गांव बहलोलपुर निवासी आदित्य, जयकारी, रूपक व परमजीत ने मिलकर अपहरण किया था। अपहरण के बाद पिता को काफी दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान यातनाएं भी दी गई।
चार सितंबर 2019 को पिता से जबरन 206 वर्गमीटर जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। आरोपियों ने गांव उपैड़ा स्थित एक बैंक में पिता के खाते से रुपये भी निकाल लिए। इस संबंध में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आदित्य, जयकारी, रूपक व परमजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।