अभिभावकों और प्रबंधन से वार्ता के बाद ही जिले में खुलेंगे स्कूल
हापुड़। अनलॉक-5 में शासन द्वारा स्कूल खोलने संबंधी गाइडलाइन के पालन में जिला प्रशासन जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहता। अभिभावक एसोसिएशन और स्कूल प्रबंधनों से वार्ता के बाद ही जिले में स्कूल खोले जाने पर निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा सरकार द्वारा जारी बाकी गाइड लाइन का जिले में भी पालन कराया जाएगा।
प्रदेश सरकार द्वारा अनलॉक-5 में 15 अक्टूबर से स्कूल खोले जाने का निर्णय लिया है। आदेशों के अनुसार सबसे पहले 10वीं और 12वीं की कक्षाओं से शुरूआत होगी। स्कूल में उपस्थिति के लिए बच्चे स्वैच्छिक रूप से स्वतंत्र होंगे। ये आदेश शिक्षा को देखते हुए अहम हो सकते हैं। लेकिन फिलहाल जिले में इन नियमों को तभी लागू किया जाएगा, जब जिला प्रशासन इस बात से पूरी तरह बेफिक्र हो जाएगा कि इससे कोरोना संक्रमण को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। स्कूल खोलने से पहले जिला प्रशासन अभिभावक एसोसिएशन और स्कूल प्रबंधनों के साथ बैठक करेगा। दोनों की सहमति और बच्चों की सुरक्षा के प्रति आश्वस्त होने के बाद ही जिले में स्कूल खोले जाने को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा।
एडीएम जयनाथ यादव का कहना है कि स्कूल खोले जाने का निर्णय जिले में बिना सोचे समझे नहीं लिया जा सकता। इसके लिए स्कूल प्रबंधन और अभाॉभावकों के साथ वार्ता की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त होने के बाद ही स्कूल खोले जाने के लिए निर्णय लिया जाएगा। बाकी गाइड लाइन का जिलेे में पालन कराया जाएगा।
--
बाकी गाइड लाइन का कराया जाएगा पालन-
- कंटेनमेंट जोन से बाहर के सिनेमा हॉल का संचालन निर्धारित संख्या में दर्शकों के साथ हो सकेगा।
- प्रशिक्षण के लिए स्वीमिंग पूल को खोला सकेगा।
- मनोरंजन पार्कों को भी खोला जा सकेगा
- सामाजिक, शैक्षिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दो सौ लोग ले सकेंगे भाग
- धार्मिक कार्यक्रमों का भी सोशल डिस्टेसिंग के साथ हो सकेगा आयोजन