जिले की छह खस्ताहाल सड़कें 21 करोड़ से होंगी चकाचक
हापुड़। जिले की खस्ताहाल सड़कों की दुर्दशा अब जल्द दूर होने जा रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में छह सड़कों के निर्माण के लिए 21 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इनका प्रस्ताव बनाकर भेजा था। बजट मिलते ही इन सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा। इन सड़कों के निर्माण होने से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों को परेशानियों से निजात मिलेगी।
हाईवे पर यात्रा सुगम बनाने के लिए सरकार ज्यादा ध्यान दे रही है। वर्तमान में एनएच -09 का काम पूरा होने के बाद एनएच 235 (अब 334) का निर्माण भी पूरा हो चुका है। हापुड़ से गुजरने वाले दो बाईपास के साथ शहर के लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है। लेकिन जिले के अंदर गांवों को जोने वाले रास्तों का हाल बुरा है। जर्जर सड़कों के चलते लोगों को परेशानियों का सामना उठाना पड़ सकता है।
ऐसे में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। विभाग द्वारा प्रदेश सरकार हापुड़ ब्लॉक की तीन, गढ़ की एक, सिंभावली की एक व धौलाना ब्लॉक की एक सड़क का निर्माण किया जाएगा। 42.49 किलोमीटर की सड़क के लिए करीब 21.24 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। यह प्रस्ताव अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में भेजा गया है।
कोट-
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि जिले की कुछ छह सड़कों का चयन किया गया है। प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा गया है, यहां से पास होने के बाद बजट के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। जल्दी ही बजट जारी होने की उम्मीद है। जिसके बाद सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
---
जिले की इन सड़कों का होगा निर्माण--
* पिलखुवा से आजमपुर, कंदौला कंदौली होते हुए धौलाना तक (4.94 किलोमीटर)
* किठौर रोड मुदाफरा से फुलडेहरा होते हुए वीरसिंह पुर (11.22 किलोमीटर)
* गढ़ के शाहपुर चौधरी से हसनपुर, दौतई होते हुए अठसैनी (5.72 किलोमीटर)
* हापुड़ ब्लाक के अन्तर्गत बाबूगढ़ से ततारपुर, सीतादेई होते हुए लालपुर मढैया (5.6 किलोमीटर)
* बाबूगढ़ नेशनल हाईवे से बछलौता होते हुए बुलंदशहर बार्डर तक (9 किलोमीटर )
* बाबगूढ़ नेशनल हाईवे से कमालपुर आलमपुर तक (6 किलोमीटर)
-----
योजना के तहत हुआ है 80 किलोमीटर कार्य -
जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों का निर्माण करने की गति काफी धीमी रही है। हापुड़ के जिला बनने के बाद जिले में इस योजना के तहत मात्र करीब 80 किलोमीटर ही सड़कों का निर्माण ही हुआ है। लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अब इस योजना के तहत जल्दी ही दूसरी सड़कों का चयन करके निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे, ताकि क्षेत्र में तेजी से विकास हो सके।
सड़कों की मरम्मत के लिए डिप्टी सीएम से मिले विधायक -
जिले में कुछ सड़कों की बदहाली के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने लखनऊ जाकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मांग रखी कि क्षेत्र की दोयमी धनौरा संपर्क मार्ग और बाबूगढ़ बीबी नगर के अलावा कई मार्गों की स्थिति बदहाल है। जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने सड़कों के चौड़ीकरण व उनकी मरम्मत कराने की मांग की गई। विधायक ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर उप मुख्यमंत्री काफी गंभीर दिखाई दिए और उन्होंने जल्दी ही समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया।