ट्रैवलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सड़क पर रोकी मैनेजर की गाड़ी, हंगामा
हापुड़। बदनौली रोड स्थित बड़े बिजलीघर में अधिकारियों के लिए टेंडर पर लगी दो गाड़ियों के करीब 80 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। इसके विरोध में शनिवार को ट्रैवलिंग एसोसिएशन के आह्वान पर कंपनी के साइड मैनेजर की गाड़ी रास्ते में रोक ली गई और हंगामा किया। इस दौरान मैनेजर की ओर से उन्हें एक सप्ताह के अंदर भुगतान का आश्वासन दिया गया।
शर्मा ट्रैवलिंग के संचालक तरुण शर्मा ने बताया कि बदनौली बिजलीघर में 6 महीने के लिए उसकी दो गाड़ियां लगी थी। इनका किराया करीब डेढ़ लाख रुपये बना था। आरोप है कि गाड़ी प्रयोग करने के बाद भी पूरा भुगतान नहीं किया गया। अभी भी करीब 80 हजार रुपये का भुगतान अटका हुआ है। इस संबंध में कई बार भुगतान कराने की गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन अधिकारियों ने उसकी एक न सुनी। इसके विरोध में शनिवार को ट्रैवलिंग एसोसिएशन के आह्वान पर पदाधिकारियों समेत वह बदनौली बिजलीघर पर पहुंचा।
वहां साइड मैनेजर की गाड़ी को रास्ते में रोक कर हंगामा किया। जिसके बाद साइड मैनेजर संजय शुक्ला ने उन्हें एक सप्ताह के अंदर भुगतान कराने का आश्वासन दिया। निर्धारित समय में राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। मौके पर तुषार त्यागी, रितिक त्यागी, तरुण शर्मा, किशन अग्रवाल, विनय, मुकेश, हिमांशु, सद्दे, जीवन, विशाल, कपिल, सेंकी आदि मौजूद रहे।