बाबूगढ़ में महिला के शव की जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : HAPUR
महिला की हत्या कर हाईवे के किनारे फेंका शव
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुचेसर रोड चौपला के पास एक महिला की हत्या कर शव को हाईवे -09 के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। दोपहर यहां से गुजर रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। महिला को जहर देकर उसकी हत्या करने और शव को किसी वाहन से यहां सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका है। पुलिस महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
बुधवार दोपहर कुचेसर रोड चौपला के पास नेशनल हाईवे 09 के किनारे यहां से गुजर रहे कुछ लोगों को एक करीब 40 वर्षीय महिला का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। महिला ने लाल रंग का सूट पहना हुआ था। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में फैलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। बाबूगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की गहनता से जांच की गई। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला देखने में गर्भवती लग रही है। उसके हाथों और पैरों में मेहंदी लगी हुई थी। महिला के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं हैं। लेकिन उसकी जहर देकर हत्या करने और किसी वाहन से तड़के शव को फेंके जाने की आशंका हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा का कहना है कि महिला की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।