रसूलपुर में तालाब से अवैध कब्जा हटाने पहुंचे अधिकारी।
- फोटो : HAPUR
अवैध कब्जा हटवाने गई टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध, हंगामा
हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर में तालाब से कब्जा हटवाने गई पुलिस व प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध और हंगामे के बीच पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हो गए और अवैध रूप से खड़ी गई दीवार को गिरा दिया गया। इसके बाद तालाब की पैमाइश कर निशान लगाए गए।
गांव रसूलपुर स्थित बस्ती के लोग पिछले कई सालों से जलभराव से जूझ रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि तालाब पर अतिक्रमण और रास्ते में अवैध रूप से निर्माण के कारण उनके पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। जबकि बस्ती से कुछ ही दूरी पर तालाब है। इसकी शिकायत लोगों द्वारा कई बार अधिकारियों से की गई थी। शिकायत के आधार पर शनिवार को एसडीएम सत्यप्रकाश, डीपीआरओ यावर अब्बास, तहसीलदार व बाबूगढ़ पुलिस जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने यहां अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की तो कुछ ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जीप में बिठा लिया। पुलिस द्वारा कड़ा रुख देखते हुए विरोध कर रहे ग्रामीण शांत हो गए। जिसके बाद अवैध निर्माण को गिराते हुए तालाब की पैमाइश की गई। तालाब की काफी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। जिसे कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उधर, अतिक्रमण हटाने के बाद बस्ती के जल निकासी की व्यवस्था की गई। कार्रवाई के दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल रहा।
एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि बस्ती के लोगों द्वारा जलनिकासी न होने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। कुछ लोगों ने विरोध किया, जिन्हें हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। तालाब को कब्जामुक्त कराया जा रहा है।