मावा प्लांट मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हापुड़। हाफिजपुर क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी में बॉयलर फटने की घटना के मामले में पुलिस व प्रशासन का शिकंजा मावा प्लांट मालिक पर कसना शुरू हो गया है। मामले को लेकर जहां धौलाना एसडीएम ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी, वहीं मृतक बच्ची के पिता की तहरीर हाफिजपुर पुलिस ने मालिक विनीत शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। विनीत फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
गौरतलब है कि रविवार सुबह हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी में दुग्ध मावा प्लांट पर लगे बॉयलर में अत्यधिक गैस बनने से विस्फोट हो गया था। बॉयलर फटने के साथ करीब दो सौ मीटर दूर स्थित दो मकानों को ध्वस्त करता हुआ नीचे आ गिरा। इस पूरी घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई है। हादसे में एक छह वर्षीय बच्ची मिस्बाह पुत्री सदाकत की मौत के अलावा करीब 20 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में एक व्यक्ति को रविवार को ही छुट्टी दे दी गई। जबकि अभी भी कई बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इस हादसे में घायल सानिया (7) पुत्री लुक्ता को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। मृतक मिस्बाह के पिता सदाकत ने आरोपी विनीत शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल विनीत शर्मा पुलिस की पकड़ से दूर है।
उधर, डीएम के आदेश के बाद एसडीएम धौलाना अरविंद द्विवेदी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को एसडीएम ने घटना के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के बयान लिए। गौरतलब है कि प्लांट में मावा बनाने का लाइसेंस जरूर था, लेकिन बॉयलर लगाने की अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में प्लांट मालिक पर संबंधित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि पावर कारपोरेशन द्वारा प्लांट में कोई कनेक्शन नहीं लिया गया था। इसके अलावा डीएम के आदेश पर हादसे में क्षतिग्रस्त मकानों के नुकसान का आंकलन कर ब्यौरा जुटाया जा रहा है। मुआवजे के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
---
कानपुर मंगाए गए घटना के फोटो और वीडियो -
घटना की जांच के लिए कानपुर में बॉयलर इंस्पेक्टर को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल कानपुर में विशेषज्ञों की टीम ने रविवार को हुई घटना के फोटो और वीडियो मंगवाए हैं। इसके आधार पर प्रारंभिक जांच की जाएगी और इसके बाद मौके का निरीक्षण किया जाएगा।